स्थानीय कस्बे में बृहस्पतिवार को हवलदार जगपत राम का शहादत दिवस मनाया गया। थाना चौराहा पर स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर चरणों में पुष्प अर्पित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुभासपा के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव अरविंद राजभर ने कहा कि देश के लिए बलिदान हो जाने से बढ़कर कोई गौरव नहीं है। ऐसे वीर सपूतों के बलिदान के कारण ही देश की सरहदें सुरक्षित हैं। हम सभी को मिलकर नई पीढ़ी के अन्दर देश प्रेम की भावना जागृत करनी होगी तभी हमारा देश तरक्की करेगा।
इस मौके पर सीआरपीएफ के सहायक कमांडेंट अविनाश भूषण एवं सहायक कमांडेंट विरेन्द्र कुमार ने बलिदानी की पत्नी गिरिजा देवी को अंगवस्त्र एवं पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया। पति के बलिदान को याद कर गिरिजा देवी की आंखें भर आई। इस मौके पर जखनिया के विधायक बेदी राम, रेयाज अहमद, डा. ताहिर आदि मौजूद थे। अध्यक्षता लल्लन राजभर एवं संचालन छविनाथ भास्कर ने किया।