कॉपर तार चोरी के आरोप में गहमर कोतवाली पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपी-संवाद
- फोटो : 1
सेवराई। गहमर थाना क्षेत्र के भतौरा गांव स्थित सरकारी ट्यूबवेल से मोटर और तार चोरी के मामले का पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 18 किलो 750 ग्राम कॉपर तार और चोरी के तार बेचकर मिले 60 हजार रुपये बरामद किए हैं। वहीं, दो अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग गए।
प्रभारी निरीक्षक गहमर नंद कुमार तिवारी ने बताया कि 26 अगस्त को भतौरा निवासी रामइकबाल ने तहरीर देकर बताया था कि गांव स्थित सरकारी ट्यूबवेल संख्या 120 जेडजी से अज्ञात चोर मोटर और अन्य तार काटकर ले गए हैं। तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। 27 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने कर्मनाशा पुल के पास घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान दो अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। गिरफ्तार आरोपी बक्सर के थाना चौसा निवासी सतीश कुमार (19), बारा बाजार निवासी मनीष गुप्ता (21) हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा की बढ़ोतरी की गई है। वहीं, आवश्यक प्रपत्र नहीं मिलने पर अपाचे बाइक को सीज कर दिया गया है।