कासिमाबाद। कोतवाली क्षेत्र के कलवरा गांव निवासी एक महिला ने शुक्रवार की देर शाम बाइक सवार युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। तीन दिन पूर्व हादसे में महिला के पति की मौत हो गई थी। कोतवाल राजनारायण ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र के कलवरा गांव निवासी हौसला देवी ने तहरीर देकर जानकारी दी कि बीते 27 जनवरी को पति मुन्ना लाल (35) के साथ बाइक से मायके बिरनो थाना क्षेत्र के धनेशपुर गांव गई थी। वापस आते समय अबिसहन गांव से 200 मीटर पहले भड़सर वेद बिहारी पोखरा मार्ग पर सामने से आ रहे तेज गति में बाइक सवार चंवरा निवासी कमलेश राजभर ने टक्कर मार दिया था।
इस टक्कर में पति मुन्ना लाल गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घायलावस्था में आस-पास के ग्रामीणों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। वहां से स्थिति गंभीर देख चिकित्सकों ने बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया था। ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान बीते 28 जनवरी की शाम पति की मौत हो गई थी। ट्रामा सेंटर की सूचना पर वाराणसी की लंका पुलिस ने पति के शव का पोस्टमार्टम कराया। कोतवाल ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर बाइक सवार चंवरा गांव निवासी कमलेश राजभर के खिलाफ प्राथमिकी दर्जकर छानबीन की जा रही है।