नाली निर्माण की मांग को लेकर मंगलवार की सुबह मनिहारी गांव के दलित बस्ती के लोगों ने हंसराजपुर-शादियाबाद मार्ग पर मनिहारी मोड़ के पास चक्काजाम कर दिया।
जाम की जानकारी होते ही पुलिस और नायब तहसीलदार मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों को शीघ्र नाली निर्माण कराने का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया। साढ़े चार घंटा तक सड़क पर आवागमन बंद होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
मनिहारी गांव के दलित बस्ती में चकरोड का निर्माण कराया गया था। दोनों तरफ नाली निर्माण कार्य बाकी था। इसके चलते लोगों के घरों का गंदा पानी बाहर निकल नहीं पा रहा है।
कई बार लोगों ने ग्राम प्रधान समेत संबंधित अधिकारियों को अवगत कराते हुए नाली निर्माण की मांग की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इससे नाराज बस्ती के लोग मंगलवार को सड़क पर उतर गए और नाली निर्माण की मांग को लेकर हंसराजपुर-शादियाबाद मार्ग पर सुबह साढ़े 11 बजे चक्काजाम कर दिया।
जाम होते ही मार्ग पर आवागमन ठप हो गया। देखते ही देखते दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई। जानकारी होते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और ग्रामीणों को समझाने में जुट गई।
बावजूद इसके ग्रामीणों ने पुलिस की एक न सूनी और सक्षम अधिकारी को मौके पर बुलाने की बात करते रहे। दोपहर करीब तीन बजे नायब तहसीलदार सुभाष राम मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत करते हुए यह कहा कि अगर वहां पहले नाली थी तो पुन: उसका निर्माण कराया जाएगा।
इसके बाद ग्रामीण शांत हुए जाम समाप्त किया। ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचकर नायब तहसीलदार ने ग्राम प्रधान से बातचीत करते हुए चकरोड का मुआयना किया। जाम करने वालों में यशवंत कुमार, जावेद, प्रमोद, उपेंद्र, तेजबहादुर, कांती देवी, उर्मिला देवी, गिरजा देवी, श्रवण कुमार आदि शामिल थे।