करंडा। थानाक्षेत्र लीलापुर गांव के पास दो दिन पूर्व बालू लदे ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार किशोर की मौत हो गई थी। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया था।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने चक्काजाम कर खड़े ट्रेलर को आग के हवाले कर दिया था। इस मामले में ट्रेलर मालिक ने बीते 14 मई को ग्राम प्रधान नामजद सहित 30 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। इधर पुलिस वीडियो रिकार्डिंग के आधार पर अज्ञात को चिह्नित करने में जुटी है।
गत 14 मई को लीलापुर निवासी लकी निषाद (15) और कृष्णा निषाद बाइक से चोचकपुर बाजार गए थे।
सामान लेकर लौटते समय चोचकपुर-धरम्मरपुर मार्ग स्थित नहर के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार बालू लदे ट्रक की चपेट में आ गए थे। हादसे में मौके पर लकी निषाद की मौत हो गई थी। जबकि कृष्णा निषाद घायल हो गया था। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया था। इधर ग्रामीणों ने शव रखकर जाम लगा दिया था। आक्रोशित ग्रामीणों ने खड़े ट्रेलर को आग के हवाले कर दिया था। इस मामले में ट्रेलर मालिक अरविंद यादव ने ग्राम प्रधान मनोज यादव के खिलाफ नामजद और तीस अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
थानाध्यक्ष महेंद्र सिंह ने बताया कि ट्रेलर मालिक अरविंद यादव की तहरीर पर ग्राम प्रधान मनोज यादव नामजद और तीस अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्जकर लिया गया है। वीडियो रिकार्डिंग के आधार पर आग लगाने वाले अज्ञात को चिह्नित किया जा रहा है।