दुल्लहपुर। भूडकुड़ा कोतवाली क्षेत्र के गोविंद जखनिया गांव के पास मंगलवार को नेशनल हाईवे - 124 डी के निर्माण कार्य में लगा ट्रेलर हाईटेंशन तार के संपर्क में आ गया। संपर्क में आते ही ट्रेलर से आग की लपटे उठने लगी। विद्युत आपूर्ति बंद होेने के बाद स्थानीय लोगों की मदद से ट्रेलर में लगी आग पर काबू पाया गया।
गोविंद जखनिया गांव के पास नेशनल हाईवे - 124 डी के निर्माण के लिए मिट्टी डाली जा रही है। मिट्टी गिराते वक्त ट्रेलर का डाला ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन बिजली तार के संपर्क में आ गया। करंट से ट्रेलर धू-धूकर जलने लगा। चालक गुड्डू ने कूद कर किसी तरह अपनी जान बचाई। जखनिया विद्युत केंद्र को सूचना देकर बिजली आपूर्ति बंद कराई गई। आपूर्ति बंद होने के बाद स्थानीय लोगों की मद्द से आग पर काबू पाया गया। तब तक ट्रेलर 70 प्रतिशत तक जल चुका था। करीब एक घंटे बाद उसे वहां से हटाया गया। संवाद