सेवराई। अवैध रूप से बड़े पैमाने पर कालाबाजारी कर यूपी से बिहार ले जाई जा रही यूरिया के मामले में किसानों की सूचना पर टीम ने सोमवार को गहमर की दो दुकानों को सीज कर दिया। इससे दुकानदारों में हड़कंप मच गया।
बिहार प्रांत में यूरिया की किल्लत को दृष्टिगत रखते हुए वहां के किसानों के द्वारा सेवराई तहसील क्षेत्र के गहमर सहित विभिन्न इलाकों से बड़े पैमाने पर ट्रेनों के जरिए अवैध रूप से यूरिया की कालाबाजारी की जा रही थी। मुनाफा खोर दुकानदारों के द्वारा इस कालाबाजारी को बढ़ावा दिया जा रहा था। महीनों से चल रहे इस गोरख धंधे को देखते हुए रविवार को ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं पुलिस को इसकी सूचना दी। शिकायत पर हरकत में आई पुलिस ने करीब 360 बोरी यूरिया जब्त कर लिया था। वहीं किसानों द्वारा बताये जाने पर छानबीन कर जिला कृषि अधिकारी ने गहमर की दो दुकानदारों को सीज कर दिया। जिला कृषि अधिकारी मृत्युंजय सिंह ने बताया कि इस पूरे प्रकरण में गहमर के दो दुकानदारों को दोषी पाया गया है, जिन पर कड़ी कार्रवाई करते हुए उनकी दुकानों सीज कर दिया गया है।