केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना में जिले में तेजी से लक्ष्य की ओर बढ़ रही है। जिले में वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए निर्धारित 2931 सोलर संयंत्रों के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 2455 घरों की छतों पर सोलर सिस्टम स्थापित किए जा चुके हैं। हालांकि अब भी 476 लक्ष्य शेष है। योजना की प्रगति की समीक्षा के लिए बुधवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में मासिक बैठक आयोजित की गई। समीक्षा के दौरान डीएम ने निर्देश दिया कि योजना से जुड़े लंबित प्रकरणों का एक सप्ताह के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
साथ ही परियोजना अधिकारी यूपीनेडा को योजना की प्रगति पर लगातार नजर रखते हुए नियमित रिपोर्ट प्रस्तुत करने के साथ ही लक्ष्य पूरा करने का निर्देश दिया। कुछ स्थानों पर मीटर इंस्टालेशन में उपभोक्ताओं की ओर से हो रही देरी पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसे उपभोक्ताओं से संपर्क कर जल्द प्रक्रिया पूरी कराई जाए, ताकि शेष लक्ष्य भी समय पर हासिल किया जा सके। परियोजना अधिकारी यूपीनेडा सचिदानंद तिवारी ने बताया कि पीएम सूर्य घर योजना के तहत घरों की छतों पर सोलर प्लांट लगाने से लोगों को मुफ्त और सस्ती बिजली मिल रही है। इससे बिजली बिल में कमी आने के साथ ही स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को भी बढ़ावा मिल रहा है। बैठक में सीडीओ, डीडीओ, परियोजना अधिकारी यूपीनेडा, डीआईओएस, बीएसए, बैंक प्रतिनिधि तथा विद्युत निगम के अधिकारी मौजूद रहे।