तहसील मुख्यालय पर बुधवार को किसान नेता भानु प्रताप सिंह के नेतृत्व में युवाओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए मौलाना अब्दुल्लाह सलीम की गिरफ्तारी की मांग की। साथ ही एसडीएम संजय यादव को पत्रक सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
चेताया कि यदि आरोपी के खिलाफ जल्द ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्र के युवा आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। किसान नेता ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री की माता पर की गई टिप्पणी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रदर्शन के बाद युवाओं ने सेवराई के एसडीएम संजय यादव को ज्ञापन सौंपकर मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की। इसके साथ ही गहमर कोतवाली में तहरीर देकर मौलाना अब्दुल्लाह सलीम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की भी मांग की।
किसान नेता ने कहा कि मौलाना अब्दुल्लाह सलीम द्वारा जारी एक वीडियो में मुख्यमंत्री की माता के बारे में टिप्पणी की गई है, जिससे लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की टिप्पणी समाज में वैमनस्य फैलाने वाली है और इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं एसडीएम संजय यादव ने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर शिवम सिंह, विशाल सिंह, आशुतोष सिंह, श्याम बहादुर सिंह, बिहारी सिंह सहित कई युवा मौजूद रहे। संवाद