गाजीपुर। आगामी त्योहारों को देखते हुए रेल प्रशासन की ओर से अहमदाबाद-दरभंगा साप्ताहिक त्योहार विशेष गाड़ी का संचालन करने का निर्णय लिया गया है। अहमदाबाद से इसका संचालन 16, 23, 30 अक्तूबर व 06, 13 नवंबर को प्रत्येक शुक्रवार को किया जाएगा। दरभंगा से इसका संचालन 19, 26 अक्तूबर तथा 02, 09 व 16 नवंबर को प्रत्येक सोमवार को पांच फेरों में किया जाएगा।
अहमदाबाद-दरभंगा साप्ताहिक त्योहार विशेष गाड़ी का ठहराव जनपद के दो रेलवे स्टेशनों पर सुनिश्चित किया गया है। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी महेश गुप्ता ने बताया कि गाड़ी संख्या 09465 अहमदाबाद-दरभंगा साप्ताहिक त्योहार विशेष गाड़ी अहमदाबाद से रात 08.25 बजे प्रस्थान कर दूसरे दिन रतलाम से रात 01.30 बजे, तीसरे दिन औड़िहार से रात 12.35 बजे, गाजीपुर सिटी से 01.30 बजे पहुंचकर आगे के लिए रवाना होगी। वापसी यात्रा में गाडी संख्या 09466 दरभंगा-अहमदाबाद साप्ताहिक त्योहार विशेष गाड़ी दरभंगा से रात 03.00 बजे प्रस्थान कर गाजीपुर सिटी से सुबह 11.15 बजे, औड़िहार से रात 12.20 बजे खुलकर आगे के लिए रवाना होगी।