भाजपा कार्यकर्ताओं का प्रतिनिधिमंडल सोमवार को जिलाधिकारी से मिलकर मुहम्मदाबाद विधानसभा क्षेत्र में व्याप्त समस्याओं से अवगत कराते हुए पत्रक सौंपा। उन्होंने पत्रक के माध्यम से बताया कि भांवरकोल ब्लाक में वर्ष 2012-13 में आई बाढ़ से क्षतिग्रस्त मुसरदेवा की पुलिया तथा खरडीहा, गोड़ी, खैरावारी आदि गांव और रेवतीपुर ब्लाक के पटकनियां, गौरा, कल्याणपुर, रेवतीपुर, पकड़ी, डेढ़गांवा और नौली गांवों की सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है।
कहा कि इस जनसमस्या को लेकर पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मुसरदेवा पुलिया से पदयात्रा कर उपजिलाधिकारी मुहम्मदाबाद को पत्रक सौंपा गया था। इसके बाद भांवरकोल ब्लाक, कुंडेसर, शेरपुर कला चट्टी पर धरना प्रदर्शन कर संबंधित अधिकारियों को इससे अवगत कराया गया। आज तक इन जनसमस्याओं का निराकरण नहीं हो पाया। उन्होंने कहा कि अगर इन समस्याओं का निराकरण नहीं किया जाता है तो पार्टी कार्यकर्ता आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।