पतित पावनी को स्वच्छ रखने एवं स्वच्छ भारत मिशन अभियान के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से निकले जवानों का शहर के कलेक्टर घाट पर उम्मीद संस्था के सदस्यों ने शनिवार को भव्य स्वागत किया।
विंग कमांडर परमवीर सिंह के नेतृत्व में चार सदस्यीय जवानों का दल शुक्रवार की रात शहर के कलेक्टरघाट पर पहुंचा। इस दौरान घाट पर मौजूद लोगों ने हर-हर गंगे के जयघोष के साथ टीम का स्वागत किया। शनिवार की सुबह उम्मीद
संस्था की तरफ से समारोह आयोजित कर टीम के जवानों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर अध्यक्षता करते हुए संस्था के अध्यक्ष सिद्धार्थ राय ने कहा कि सेना के जवानों का संबंध गाजीपुर की धरती से बहुत
पुराना है। इस जिले के तमाम वीरों ने देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों को न्यौछावर कर शहीद होने का गौरव प्राप्त किया है। सेना के जवान देश की सीमा की सुरक्षा में डटे हुए हैं, साथ ही देश में स्वच्छता का संदेश भी गंगा मार्ग से होते
हुए लोगों के बीच पहुंचा रहे हैं। सेना के विंग कमांडर परमवीर सिंह ने कलेक्टर घाट पर उम्मीद संस्था की तरफ से खोली गई संस्कार शाला का फीता काटकर उद्घाटन किया एवं बच्चों के साथ संस्कार शाला में कुछ वक्त भी बिताया। इसके बाद
घाट पर संस्था के युवाओं की तरफ से किए गए कार्यों को देखा। श्री सिंह ने घाट को सुंदर रूप दे रहे संस्था के युवाओं की सराहना करते हुए कहा कि अब तक की यात्रा में इतना साफ एवं सुंदर घाट कहीं नहीं देखा। यह गाजीपुर के लिए बहुत ही
सम्मान की बात है। स्वागत करने वालों में सिद्धार्थ राय, कैप्टन विजेंद्रनाथ दुबे, ओपी मिश्रा, दिवाकर राय, उमेश श्रीवास्तव, नवीन सिंह, मयूर भारती, डा. डीपी सिंह, जेपी राय, सत्या सिंह, अबु फखर, किशन शर्मा, नीरज श्रीवास्तव,
सुंदरलाल, राजेश भारद्वाज आदि शामिल थे। कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्था के युवा सदस्य आकाश, सूरज, सुधीर, सौरभ, चंदन, दयानंद, अंकित, विपुल, राहुल, आरिफ, रविकांत, राजकुमार, अभिषेक, शुभम, विकास पटेल, शिवम राय,
विकास, अंकुर, रवि आदि का सराहनीय सहयोग रहा। जागरुकता टीम यहां से बिहार के लिए रवाना हो गई।