जिलास्तरीय कला उत्सव के अंतर्गत मंगलवार को राजकीय सिटी इंटर कॉलेज में कला उत्सव का आयोजन किया गया। इसमें जिले के राजकीय, शासकीय और वित्तविहीन, सीबीएसई, आईसीएसई विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक प्रकाश सिंह ने कहा कि कला उत्सव का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारत की कला, संस्कृति और सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की कलात्मक प्रतिभा को निखारने के लिए एक मंच दिया जा रहा है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ ही अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ने का अवसर मिलेगा। उत्सव का उद्देश्य विद्यार्थियों की कलात्मक प्रतिभा को मंच उपलब्ध कराना और उनकी रचनात्मक क्षमता को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कार्यक्रम में स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों के उज्जवल भविष्य की कामना की। निर्णायक के रूप में प्रवक्ता निशांत शुक्ला, सतीश सिंह, संजय कुमार पांडेय, मीनू सिंह, वंदना यादव, सुमन सागर एवं महिमा मौर्य उपस्थित रहीं। जिला समन्वयक कुश राय ने बताया कि कला उत्सव में विद्यार्थियों को कुल 12 कला विधाओं में प्रतिभा प्रदर्शित करनी थी।