पिछले आम बजट में घोषित छपरा-लखनऊ एक्सप्रेस ट्रेन को 7 फरवरी से चलाने की घोषणा तो हो गई, लेकिन इस ट्रेन की प्रतीक्षा कर रहे केंद्रीय रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा के गृहक्षेत्र के रेलवे स्टेशन यूसुफपुर में
इस ट्रेन का ठहराव तय नहीं किया गया है। इसको लेकर इस क्षेत्र के लोगों को जोर का झटका लगा है। लोेगों का कहना है कि इस ट्रेन का ठहराव यूसुफपुर रेलवे स्टेशन पर अवश्य सुनिश्चित किया जाए ।
केंद्रीय रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा का पैतृक गांव मुहम्मदाबाद का मोहनपुरा है। इस गांव का सबसे नजदीकी रेलवे स्टेशन यूसुफपुर है। बीते लोकसभा चुनाव में जब मनोज सिन्हा जिले के सांसद चुने गए और
इसके बाद मोदी सरकार में उन्हें केंद्रीय रेल राज्यमंत्री का दर्जा मिला तो उनके पैतृक गांव के लोगों में यूसुफपुर रेलवे स्टेशन के दिन बहुरने की उम्मीदे जग गईं। सरकार गठन के बाद जब आम बजट पेश किया गया
तो इसमें छपरा-लखनऊ एक्सप्रेस को चलाने की घोषणा भी कर दी गई। इसको लेकर रेल राज्यमंत्री के गांव और मुहम्मदाबाद क्षेत्र के लोगों में इस बात को लेकर खुशी पैदा हुई कि यह ट्रेन यूसुफपुर में जरूर ठहरेगी।
इससे ठहराव से क्षेत्र के लोग आसानी के साथ लखनऊ आ-जा सकेंगे। अब इस ट्रेन को चलाने के लिए 7 फरवरी की तिथि भी मुकर्रर कर दी गई है। घोषित समय सारिणी के मुताबिक बहुप्रतीक्षित छपरा-लखनऊ एक्सप्रेस
वाया गाजीपुर छपरा से मंगलवार, गुरुवार एवं शनिवार को रात 9 बजे रवाना होगी। लखनऊ से रात 9 बजे सोमवार, बुधवार एवं शुक्रवार को चलकर दिन में 12.15 बजे छपरा पहुंचेगी। यह ट्रेन बलिया से सीधे गाजीपुर सिटी
स्टेशन पर रुकेगी। यानी बलिया और गाजीपुर के बीच में पड़ने वाले रेल राज्यमंत्री के गृह क्षेत्र यूसुफपुर रेलवे स्टेशन पर इस ट्रेन का ठहराव नहीं होगा। इसको लेकर मुहम्मदाबाद तहसील के लोगों का सपना चकनाचूर होता
दिख रहा है। क्षेत्र के लोगों ने रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराते हुए नई छपरा-लखनऊ एक्सप्रेस का टहराव हरहाल में यूसुफपुर रेलवे स्टेशन पर सुनिश्चित कराने की मांग की है।