मऊ से वाराणसी जाकर प्रत्येक दिन नौकरी करने वाले कर्मचारियों, अधिकारियों एवं शिक्षकों के लिए दिसंबर के प्रथम पखवाड़े में डीएमयू सवारी गाड़ी के रूप में नई सौगात मिलनी वाली है। यह जानकारी रेलवे विभाग के सूत्रों ने दी है।
मऊ, दुल्लहपुर, जखनिया, सादात और माहपुर स्टेशनों से प्रति दिन वाराणसी एवं उसके आसपास क्षेत्रों में नौकरी आदि के सिलसिले में प्रतिदिन हजारों लोग जाते हैं। प्रतिदिन आने-जाने में ट्रेन से यात्रा करने में उन्हें सहूलियत मिलती है। वापस लौटते समय ट्रेनों की सुविधा न होने के कारण देर रात तक घर पहुंचना उनकी मजबूरी हो जाती है। नौकरीपेशा लोगों की मांग पर रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने दिसंबर के प्रथम पखवाड़े में मऊ से वाराणसी और वाराणसी से मऊ तक नई डीएमयू सवारी गाड़ी चलवाने का आश्वासन दिया था।
सूत्रों की माने तो यह ट्रेन मऊ से सुबह 5.30 बजे चलकर 7.30 बजे तक वाराणसी पहुंचने और वाराणसी से शाम 7 -8 बजे तक चलाने तथा रात 10 बजे तक मऊ पहुंचने की समय सारणी को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस ट्रेन को चलाने की तिथि अभी तय नहीं लेकिन इसकी तैयारी मऊ से औड़िहार तक के सभी स्टेशनों पर होती दिखाई पड़ रही है।