शहर के मिश्रबाजार में सड़क किनारे सड़क की पटरियों पर लगी दुकान से अतिक्रमण हटवाती नगर पालिका टी
गाजीपुर। शहर के विशेश्वरगंज चौराहे से लालदरवाजा मार्ग तक बुधवार को नगर पालिका प्रशासन ने अतिक्रमण और प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान सड़क की पटरियों पर किए गए अतिक्रमण को हटाते हुए 10 दुकानों से टीनशेड, फर्नीचर समेत अन्य सामान जब्त किया गया। वहीं चार दुकानों से 25 किलोग्राम प्लास्टिक बरामद कर तीन हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
नगर पालिका की टीम ने सड़क किनारे अतिक्रमण कर दुकानें संचालित करने वालों को चेतावनी देते हुए अतिक्रमित सामान हटवाया। अभियान के दौरान कुछ दुकानदारों और पालिका कर्मियों के बीच नोकझोंक भी हुई, हालांकि टीम ने कार्रवाई जारी रखी। अधिशासी अधिकारी धीरेंद्र कुमार राय ने बताया कि विशेश्वरगंज से लालदरवाजा मार्ग तक सड़क की पटरियों पर अतिक्रमण की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसके मद्देनजर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि सड़क और पटरियों पर अतिक्रमण से यातायात प्रभावित हो रहा था।
ईओ ने बताया कि अभियान के दौरान 10 दुकानों का अतिक्रमित सामान जब्त किया गया। साथ ही प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार दुकानों से 25 किलोग्राम प्लास्टिक बरामद कर तीन हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। उन्होंने कहा कि शहर को अतिक्रमण मुक्त और स्वच्छ बनाए रखने के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा। कार्रवाई के दौरान सफाई निरीक्षक एहसान अंसारी, टैक्स इंस्पेक्टर समेत नगर पालिका के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।