गाजीपुर। जिले के माध्यमिक विद्यालयों में अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं शुरु हो गई है। इसमें हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के विद्यार्थी भी शामिल होंगे। परीक्षा के माध्यम से वह अपनी शैक्षिक प्रगति का आकलन कर सकेंगे। इससे यह पता चल सकेगा कि उन्होंने पाठ्यक्रम की कितनी तैयारी की है और किन विषयों में उन्हें अधिक मेहनत करने की जरूरत है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं 5 फरवरी से 24 फरवरी 2027 के बीच आयोजित की जाएगी। विद्यार्थी अर्धवार्षिक परीक्षा को आगामी बोर्ड परीक्षा की तैयारी के लिहाज से महत्वपूर्ण मान रहे हैं। परीक्षा से उनको अपनी तैयारी परखने और कमजोर विषयों को सुधारने का अवसर मिलेगा। वहीं, परीक्षा परिणाम के आधार पर शिक्षक भी विद्यार्थियों के सीखने के स्तर का आकलन कर सकेंगे।
इसके बाद कमजोर विषयों में सुधार के लिए अतिरिक्त शैक्षणिक रणनीति तैयार की जा सकेगी। फरवरी के पहले सप्ताह से बोर्ड परीक्षा शुरु होने के कारण उससे पहले प्री-बोर्ड एवं प्रयोगात्मक परीक्षाओं का आयोजन भी किया जाना है। उधर परीक्षा केंद्रों के निर्धारण की प्रक्रिया विभागीय स्तर पर चल रही है। नवंबर तक परीक्षा केंद्रों को अंतिम रूप दिए जाने की उम्मीद है।