सावन माह के पहले दिन बुधवार को शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रो के शिवालयो में श्रद्धालुओं का रेला उमड़ा रहा। मरदह स्थित महाहर धाम, करीमुद्दीनपुर क्षेत्र के असावर स्थित बुढ़वा महादेव मंदिर, करीमुद्दीनपुर स्थित ऊंचाडीह नागेश्वर महादेव मंदिर, जमानिया के महेवा गांव स्थित बाबा महेश्वर नाथ मंदिर सहित अन्य ग्रामीण क्षेत्रों के शिवालयों में बड़ी संख्या में भक्तों ने भोलेनाथ का पूजा-अर्चना कर अपने और परिवार के सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान बीच-बीच में भक्तों की तरफ से बाबा का जयकारा लगाए जाने से वातावरण पूरी तरह से शिवमय बना रहा।
मरदह संवाददाता के अनुसार महाहर धाम पर भोर से ही भक्तों के पहुंचने का जो सिलसिला शुरु हुआ, वह देर शाम तक जारी रहा। यहां पहुंचने वाले भक्तों ने मंदिर परिसर में सजी दुकानों से प्रसाद के साथ ही भांग, धतूरा, दूध, बेलपत्र आदि की खरीददारी कर उसे शिव के चरणों में समर्पित किया। साथ ही परिवार के मंगल की कामना की। दर्शन-पूजन करने वालों में महिलाओं और युवतियों के संख्या अधिक रही।
करीमुद्दीनपुर/दुबिहा संवाददाता के अनुसार क्षेत्र के असावर स्थित बुढ़वा महादेव और ऊंचाडीह स्थित नागेश्वर महादेव मंदिर सावन के पहले दिन श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी।
सुबह से लेकर शाम तक भक्त भोले भंडारी की आराधना में लीन रहे। जमानिया संवादताता के अनुसार क्षेत्र के महेवा गांव स्थित बाबा महेश्वर नाथ मंदिर सहित अन्य शिव मंदिरों में पहुंचकर भक्तों ने भगवान शंकर का पूजन-अर्चन कर जलाभिषेक किया।पूरे दिन दर्शन-पूजन का सिलसिला चलता रहा। इसके अलावा दुल्लहपुर, बिरनो, जंगीपुर, कासिमाबाद, भांवरकोल, कठवामोड़, मुहम्मदाबाद, सैदपुर, खानपुर, देवकली, नंजगंज, करंडा, सहेड़ी, सादात, भीमापार, शादियाबाद, बहरियाबाद, सुहवल, दिलदारनगर, भदौरा, गहमर आदि ग्रामीण क्षेत्रों के शिवालय भी भक्तों के गुलजार रहे।