गाजीपुर। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में पढ़ने वाली छात्राओं के लिए छात्रावास का निर्माण कराया जा रहा है। कासिमाबाद एवं सादात में नींव तक कार्य होने के बाद काम रुका हुआ है तो देवकली में महीनों बाद नींव की खुदाई का काम अब शुरू हुआ है। वहीं रेवतीपुर में काम अभी शुरू नहीं हुआ है। हालांकि जल्द इसके शुरू होने का दावा किया गया है।
कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में कक्षा छह से आठ तक की छात्राओं को मुफ्त आवासीय शिक्षा दी जा रही है। आठवीं उत्तीर्ण करने के बाद रहने की समस्या आदि होने के कारण कई छात्राएं आगे की शिक्षा से वंचित हो जाती थीं। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए इंटर तक की शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए विद्यालयों का उच्चीकरण कराया जा रहा है। इसके तहत विभिन्न विकासखंडों में छात्रावास का निर्माण किया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार कासिमाबाद एवं सादात में नींव तक की खुदाई का काम होने के बाद से किन्हीं कारणों से काफी समय से काम रुका हुआ है। इसी तरह देवकली में महीनों बाद अब नींव की खुदाई का काम शुरू हुआ है। जबकि रेवतीपुर में जर्जर भवन के ध्वस्तीकरण की वजह से काम शुरू नहीं हुआ था। इसको ध्वस्त कर दिया गया है। इस संबंध में जिला समन्वयक बालिका शिक्षा अमित राय ने बताया कि देवकली में नींव की खुदाई का काम शुरू हो गया है। उन्होंने रेवतीपुर में जल्द निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद व्यक्त की।