सिधागरघाट। कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र के बहरार गांव स्थित टौंस नदी में मंगलवार को मछली मारते समय युवक की डूबने से मौत हो गई। बुधवार को गोताखोरों ने शव को घटनास्थल से बरामद किया। मुहम्मदपुर कुसुम निवासी पंकज चौहान (21) पांच साथियों के साथ टौंस नदी में मछली पकड़ने गया था। मछली पकड़ने के लालच में सभी नदी में आगे बढ़ते चले गए। साथियों की गिनती करना भी भूल गए और मछली पकड़ने के बाद सभी घर लौट गए। शाम को जब पंकज घर नहीं पहुंचा तो परिजन उसकी तलाश में जुट गए। इसके बाद परिवार के लोगों ने पुलिस को सूचना दी और नदी किनारे तलाश करने लगे लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। हादसे के दूसरे दिन सुबह आसपास के गोताखोरों ने बहरार गांव के सामने टौंस नदी में पंकज का शव बरामद किया। ग्रामीणों ने बताया कि युवक शराब पीने का आदी था।
वह दारू के नशे में ही साथियों के साथ मछली पकड़ने नदी में उतर गया, जिससे वह गहरे पानी में डूब गया। शव मिलने के बाद मां उषा देवी और परिवार के लोगों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। कासिमाबाद प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।