टीबी कार्यक्रमों में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए सम्मानित होने के लिए गाजीपुर जिले का चयन हुआ है। 1238 ग्राम पंचायतों में से 104 ग्राम पंचायतें टीबीमुक्त हो चुकी हैं। विश्व टीबी दिवस पर दिल्ली के विज्ञान भवन में प्रधानमंत्री के हाथों पुरस्कार मिलेगा। वहीं 29 मार्च को ब्लाॅक स्तर पर बेहतर कार्य करने वाले कर्मी और मरीजों को पोषण पोटली देने वाले सम्मानित किए जाएंगे।
प्रधानमंत्री टीबीमुक्त अभियान को लेकर जनपद में स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगातार कार्य किया जा रहा था। मरीजों को सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने और समय पर आर्थिक सहायता के रूप में निर्धारित धनराशि उपलब्ध कराई जा रही थी। यहीं नहीं क्षय विभाग की ओर से मरीजों को पोषण पोटली भी उपलब्ध कराने का काम किया जा रहा है। इसके अलावा जनपद के 104 गांव मेंं अभियान चलाकर उन्हें टीबी मुक्त बनाने का काम किया गया। उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित होने के लिए जनपद का चयन किया गया। यहां से क्षय विभाग के जिला समन्वयक डाॅ. मिथलेश सिंह और डीटीओ डाॅ. रविरंजन पुरस्कार पाने के लिए दिल्ली के लिए रवाना हो गए। इस संबंध में क्षय विभाग के जिला समन्वयक डाॅ. मिथलेश सिंह ने बताया कि टीबी कार्यक्रमों में उत्कृष्ट कार्य के लिए पहली बार जनपद को यह सम्मान मिलेगा। इससे प्रत्येक स्वास्थ्य कर्मी काफी उत्साहित हैं।