शहर के ददरीघाट पर डूबते सूर्य की उपासना करते श्रद्धालु। संवाद
गाजीपुर। वाराणसी परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक वैभव कृष्ण ने जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह की उपस्थिति में रविवार को डाला छठ पर्व के अवसर पर थाना कोतवाली के अंतर्गत प्रमुख छठ घाटों का सघन स्थलीय निरीक्षण किया।
इस दौरान सिकंदरपुर घाट, नवापुरा घाट, स्टीमर घाट, साईंनाथ मंदिर, पीरनगर घाट, कलेक्टर घाट, ददरीघाट, पक्का घाट, पक्का पुल राजगंज, रामेश्वर घाट, अंजही घाट एवं चीतनाथ घाट का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने गहरे पानी वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग एवं चेतावनी बोर्ड लगाने, जल पुलिस एवं गोताखोरों की तैनाती, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती तथा सुचारू यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
साथ ही घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन एवं किसी भी आकस्मिक परिस्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं मुस्तैद रखने तथा पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सतर्कतापूर्वक ड्यूटी संपादित करने के लिए निर्देशित किया।