भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष की बुधवार की सुबह सवारी गाड़ी से गिरकर मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। उधर मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा नेता और कार्यकर्ताओं की भीड़ उनके घर पहुंचनी शुरू हो गई।
क्षेत्र के सोमवारी गांव निवासी भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष डॉ. पीएन तिवारी(60) सुबह दुल्लहपुर रेलवे स्टेशन पर सवार हो भटनी से वाराणसी जा रही सवारी गाड़ी से मारकंडेय महादेव गंगा स्नान करने जा रहे थे। जखनिया रेलवे स्टेशन पर धीमी रफ्तार से चलती ट्रेन से उतरते समय अचानक उनका पैर फिसल गया और वह गाड़ी के नीचे आ गए जिससे उनका दोनों पैर कट जाने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। लोग घटना की जानकारी परिवार के लोगों को देने के साथ ही उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। तब तक परिजन भी वहां पहुंच गए। हादसे के बाद परिजन रो-रोकर बेहाल हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी होते ही दुल्लहपुर बाजार में शोक छा गया। डा. तिवारी दुल्लहपुर में निजी चिकित्सक भी थे। उनकी मृत्यु की खबर मिलते ही पार्टी के जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह, प्रभुनाथ चौहान, रामहित राम, उमाशंकर यादव, विपिन सिंह, इंद्रदेव कुशवाहा, दयाशंकर सिंह, रामचंद्र गुप्त, राजेश सोनकर, मेजर ओमप्रकाश, श्यामनारायन, प्रमोद वर्मा के अलावा प्रमुख प्रतिनिधि मसाला सिंह आदि मौके पर पहुंचे थे।