पखनपुरा गांव में मंगलवार की देर शाम अचानक कब्रिस्तान की चहारदीवारी और गेट टूटकर गिर गए। वहां खेल रही एक बालिका की मलबे में दबने से मौत हो गई। जबकि एक अन्य बालिका गंभीर रूप से घायल हो गई।
उसका उपचार मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है, जहां हालत स्थिर बनी हुई है। गांव की बनवासी बस्ती के समीप स्थित कब्रिस्तान के पास चंदा (5) और गुड़िया (7) खेल रही थीं। अचानक कब्रिस्तान की चहार दीवारी और गेट टूटकर गिर गए। वहां खेल रही चंदा और गुड़िया मलबे में दब गईं।
हादसे के बाद परिजनों के शोर मचाने की आवाज सुनकर गांव के लोग घटनास्थल के तरफ दौड़ गए। लंबी मशक्कत के बाद दोनों को गांव के लोगों ने मलबे से बाहर निकालकर मुहम्मदाबाद सीएचसी पहुंचाया।
वहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। जहां देर रात इलाज के दौरान चंदा की मौत हो गई। पिता सुरेंद्र बनवासी और मां अपनी बेटी का शव देखकर बिलखने लगे। पुलिस ने बालिका के शव को कब्जे में लेकर मॉर्च्यूरी में रखवा दिया। गंभीर रूप से घायल गुड़िया की हालत स्थिर बताई गई।
कागजी कार्रवाई के बाद पुलिस ने बुधवार को शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष विवेक तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।