पूर्वांचल विश्वविद्यालय के बीएड प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा बुधवार को हुई। इस दौरान जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर अनुचित साधन का प्रयोग करते हुए 35 परीक्षार्थियों को पकड़ा गया। सभी को रस्टीकेट कर दिया गया।
स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राघवेंद्र पांडेय ने बताया कि परीक्षा के दूसरे दिन बीएड प्रथम सेमेस्टर द्वितीय प्रश्न पत्र की परीक्षा में 13 नकलची नकल करते हुए पकड़े गए, जिन्हें रस्टीकेट किया गया। स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 20 बीएड महाविद्यालयों का परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक हुई। परीक्षा के दौरान महाविद्यालय परिसर में घुसने से पहले सीओ सिटी सुधाकर पांडेय की मौजूदगी में पुलिस बल और पीएससी के साथ सघन तलाशी ली गई।
छात्रों को मोबाइल, स्मार्ट वॉच, पर्स, अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और किसी भी प्रकार के नकल के उपकरण का इस्तेमाल न करने की हिदायत दी गई थी।
जांच दल में मुख्य कुलानुशासक प्रोफेसर डॉ. एसडी सिंह परिहार, डॉ. एसएन सिंह, डॉ. अरुण कुमार यादव, डॉ. रामदुलारे, डॉ. योगेश आदि शामिल रहे। इसी क्रम में स्वामी सहजानंद महाविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. अवधेश कुमार पांडेय ने बताया कि उनके यहां दो नकलची पकड़े गए, जिन्हें रस्टीकेट कर दिया गया।
वहीं पर्यवेक्षक डॉ. एसके शुक्ल ने बताया कि जंगीपुर स्थित एक महाविद्यालय में चार परीक्षार्थियों को नकल करते पकड़ा गया। सादात क्षेत्र के एक परीक्षा केंद्र में बीएड सेमेस्टर परीक्षा में 16 नकलचियों को पकड़ कर रस्कीकेट कर दिया गया।