सेवराई। गहमर रेलवे स्टेशन पर भूतपूर्व सैनिक सेवा संस्थान एवं रेल पुन: ठहराव समिति के संयुक्त तत्वावधान में 18 जुलाई से ट्रेनों के पुन: ठहराव को लेकर अनिश्चितकालीन धरना जारी है। सातवें दिन शनिवार को उपजिलाधिकारी सेवराई रमेश मौर्य, सीओ जमानिया हितेंद्र कृष्ण एवं एसपीआरए ने आंदोलनकारियों से बातचीत कर रेल चक्का जाम न करने का निवेदन किया लेकिन भूतपूर्व सैनिक संगठन ने साफ किया कि अगर हमें हमारी ट्रेनों के ठहरने का आदेश नहीं मिला तो हम रेल ट्रैक को शांतिपूर्वक जाम कर पटरियों पर बैठ जाएंगे।
मालूम हो कि गहमर स्टेशन पर रुकने वाली 19 जोड़ी ट्रेनों का ठहराव कोरोना को आधार बनाकर खत्म कर दिया गया है। इस संबंध में ग्रामीणों ने रेलवे के उच्चाधिकारियों को लिखित पत्रक के माध्यम एवं आंदोलन कर ट्रेनों के पुन: ठहराव की मांग की। अपनी मांगों को पूरा न होता देख भूतपूर्व सैनिक सेवा समिति, रेल ठहराव आंदोलन समिति के साथ-साथ क्षेत्र के ग्रामीण विगत 18 जुलाई से अनिश्चिकालीन धरने पर बैठे हैं। शनिवार को एसडीएम, सीओ, एसपीआरए ने आंदोलनकारियों से बातचीत कर रेल ट्रैक न जाम करने की अपील की लेकिन आंदोलनकारी अपनी मांग पर अड़े रहे। बैठक में भूतपूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष मारकंडेय सिंह, हृदय नारायण सिंह, अमित सिंह, आनंद मोहन सिंह, संजय सिंह, दीपक उपाध्याय, व्यापार मंडल के दुर्गा चौरसिया आदि मौजूद थे।