भूपतचक के पास हाईटेंशन एबीसी केबल से निकलती चिंगारी। संवाद
सुहवल। ताड़ीघाट विद्युत उपकेंद्र के पकड़ी फीडर से जुड़ी 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन एबीसी केबल में मंगलवार देर रात भूपतचक के पास जोरदार ब्लास्ट हो गया। धमाके के बाद केबल से चिंगारी निकलने लगी, जिससे आसपास के ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई।
घटना के चलते पकड़ी फीडर से जुड़े दस से अधिक गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई और 100 से अधिक घरों में अंधेरा छा गया। ग्रामीणों ने घटना की सूचना ताड़ीघाट विद्युत उपकेंद्र को दी। विभाग ने एहतियातन बिजली आपूर्ति बंद कर दी। इसके बाद विद्युत कर्मियों की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त केबल की मरम्मत शुरू की।
केबल को गंभीर नुकसान होने के कारण तत्काल आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। बिजली गुल रहने से लोगों को रातभर परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में विद्युत लाइन में आए दिन खराबी के कारण आपूर्ति बाधित होती रहती है। गर्मी और उमस के मौसम में बिजली कटौती से उनकी परेशानी और बढ़ जाती है। उन्होंने पुरानी और बार-बार खराब होने वाली केबलों को बदलकर गुणवत्तापूर्ण एबीसी केबल लगाने की मांग की है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि लगातार शिकायतों के बावजूद विद्युत व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हो रहा है।
अवर अभियंता आशीष कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट के कारण एबीसी केबल में खराबी आने की बात सामने आई है। क्षतिग्रस्त केबल की मरम्मत का कार्य जारी है और जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। संवाद