दुबिहां। फर्जी अभिलेखों के आधार पर बाराचंवर के ताजपुर उच्च प्राथमिक विद्यालय में तैनात अध्यापिका को बेसिक शिक्षा अधिकारी श्रवण कुमार गुप्ता ने बर्खास्त कर दिया है। उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारी को संबंधित थाने में अध्यापिका के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने और वित्त एवं लेखाधिकारी बेसिक शिक्षा को वेतन की रिकवरी करने का निर्देश दिया।
बेसिक शिक्षा अधिकारी श्रवण कुमार गुप्ता ने बताया कि बलिया जिले के ग्राम जिगनी, रतसड़ थाना गड़वार की रहने वाली शैलजा जिले के सादात ब्लॉक के टांडा अकबरपुर की रहने वाली विभा सिंह के नाम पर नौकरी कर रही थी। विभा सिंह गृहणी हैं। शिकायत मिली थी वर्ष 2015 में गणित-विज्ञान के अध्यापकों की नियुक्ति में शैलजा ने विभा सिंह के अभिलेख पर पूर्व माध्यमिक विद्यालय ताजपुर क्षेत्र बाराचंवर में नियुक्ति पाई थी। जांच के बाद पाया गया कि शिकायतकर्ता की ओर से की गई शिकायत सही है। इस संबंध में बाराचंवर के खंड शिक्षाधिकारी अखिलेश कुमार झा ने बताया कि विभा सिंह के नाम पर शिक्षिका बनी शैलजा को बर्खास्त करने की कार्रवाई की गई है। बीएसए के आदेश पर संबंधित थाना में उनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी।