गाजीपुर/मरदह। प्रोनाउन के बारे में न बता पाने पर कक्षा चार के एक छात्र को बेरहमी से पीटने वाले शिक्षक और प्रधानाध्यापक का शांतिभंग में चालान किया गया है। इधर, घटना के तीन बाद भी छात्र ठीक से बैठ नहीं पा रहा है। इस मामले में सख्त कार्रवाई के लिए छात्र के पिता ने एसपी व उच्चाधिकारियों से मिलने की तैयारी शुरू कर दी है।
डंडापुर स्थित एसएसएन पब्लिक स्कूल के शिक्षक ने छात्र को बेरहमी से पीटा था। इससे उसके शरीर की चमड़ी नीली पड़ गई थी। दुर्खुशी गांव निवासी पिता ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनका बेटा गत 10 मई को सुबह करीब 9:45 बजे कक्षा में पढ़ रहा था। प्रताप घुघवा रुपनगर कानपुर निवासी शिक्षक जितेंद्र सिंह ने प्रोनाउन और उसके तहत आने वाले शब्दों के बारे में पूछकर उसे पटककर पीटने लगा। बच्चे के दादा राजेंद्र सिंह ने बताया कि जब इसकी शिकायत लेकर वह स्कूल पहुंचे तो प्रधानाध्यापक धीरज सिंह ने सुनने के बजाय भगा दिया और धमकी दी। थानाध्यक्ष तारावती यादव ने बताया कि छात्र के पिता की तहरीर पर शिक्षक जितेंद्र सिंह और प्रधानाध्यापक धीरज सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। दोनों आरोपियों को महाहर धाम के पास से गिरफ्तार कर शांतिभंग में चालान कर दिया गया।