देवकली। पंचायत राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ ब्लाक इकाई देवकली की ओर से आयोजित अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन मंगलवार को दूसरे दिन ब्लाक परिसर में जारी रहा। इस अवसर पर वाराणसी मंडल के अध्यक्ष राजेश सिंह यादव ने कहा कि जब तक सफाई कर्मियों की मांगें पूरी नहीं होगी तब तक धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि पहाड़पुर कला ग्राम में सफाई कर्मी हीरामणी कश्यप, शांति देवी, अनवर खां, दिनेश राम को सफाई कार्य करते समय कुछ शरारती तत्वों द्वारा मारापीटा गया। करंडा थाने में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराए जाने के बावजूद अभी तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया। कर्मचारियों का दमन-उत्पीड़न सहन नहीं किया जाएगा। कर्मचारी हितों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष किया जाएगा। धरना-प्रदर्शन का समर्थन करते हुए ग्राम विकास अधिकारी संघ के ब्लाक अध्यक्ष जयप्रकाश पाल ने कहा कि किसी भी कर्मचारी के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस अवसर पर मनोज चौबे, पुष्पा देवी, शांति देवी, रेखा, ओमप्रकाश, रोजगार सेवक संघ के ब्लाक अध्यक्ष प्रदीप यादव, आलोक, शैलेश, ग्राम पंचायत अधिकारी डीपी शास्त्री, शिवराज यादव, लव सिंह, प्रफुल्ल कुमार, हेमंत, छट्ठू यादव आदि ने विचार व्यक्त किया। अध्यक्षता सचिदानंद एवं संचालन मनोज चौबे ने किया।