तहसील दिवस पर आने वाली शिकायतों के निस्तारण में उदासीनता बरतने पर ताड़ीघाट के राजस्व निरीक्षक को निलंबित कर दिया गया है जबकि जीवित व्यक्ति को मृत दिखाने पर जमानिया के एक लेखपाल को प्रतिकूल टिप्पणी दी गई है। जिले की पांचों तहसीलों में कुल 584 शिकायतें आईं, जिनमें 21 का तत्काल निस्तारण किया गया।
जमानिया में जिलाधिकारी संजय कुमार खत्री की अध्यक्षता में तहसील दिवस का आयोजन हुआ, जिसमें 83 फरियादी शिकायतें लेकर पहुंचे। उसमें पांच मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। पता चला कि ताड़ीघाट के राजस्व निरीक्षक छांगुर राम तहसील दिवस पर आई शिकायतों का निस्तारण गंभीरता से नहीं करते हैं, जिसके चलते उन्हें निलंबित करने का आदेश जिलाधिकारी ने दिया।
इसी तरह गहमर के एक व्यक्ति को मृत दिखाकर उसकी जमीन दूसरे के नाम पर करने के मामले में पहली नजर में जिम्मेदार लेखपाल बालमुनि को प्रतिकूल टिप्पणी दी और सही वरासत पेश करने को कहा। लोगों ने उसिया में मार्ग और दौदही से पोखरे पर अतिक्रमण की शिकायत लोगों ने की, जिस पर जिलाधिकारी ने कहा कि पैमाइश के मामलों का निस्तारण जल्द से जल्द किया जाए।
जखनिया में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित तहसील दिवस प्राप्त 53 में से नौ शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया गया। इसी तरह सैदपुर संवाददाता 184 में एक शिकायत, मुहम्मदाबाद अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुए तहसील दिवस में 116 में 11 और सदर तहसील में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में 148 आवेदन पत्र प्राप्त हुए। तहसील दिवस में राजस्व, पुलिस, समाज कल्याण, बेसिक शिक्षा, विकलांग विभाग, विद्युत विभाग आदि विभागों के प्रकरण प्राप्त हुये।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक राम किशोर, मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डेय, उपजिलाधिकारी राजकुमार, जिला विकास अधिकारी राकेश कुमार पाण्डेय आदि उपस्थित रहे।