गाजीपुर। जनपद के युवाओं के लिए एक अच्छी खबर है। नेडा विभाग की ओर से जिले में 80 सूर्य मित्रों का चयन किया जाएगा। सूर्य मित्रों के चयन से एक ओर जहां ग्रामीण क्षेत्र रोशन होंगे, तो दूसरी तरफ उनको आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनने का अवसर मिलेगा।
शासन की मंशा है कि अधिक से अधिक ग्रामीणों को सोलर प्लेट के जरिए सौर ऊर्जा का इस्तेमाल करने को लेकर प्रेरित किया जाए। इसी क्रम में एक पहल सूर्य मित्रों को लेकर की गई है। इसके तहत जनपद में 80 युवाओं को सूर्य मित्र बनाया जाएगा। सूर्य मित्र गांवों में जाकर ग्रामीणों को सौर ऊर्जा का उपयोग करने को लेकर जागरूक करेंगे। साथ ही सोलर प्लेटों की तकनीकी खराबी को भी दुरुस्त करेंगे।
इसके एवज में वह ग्रामीणों से उचित पारिश्रमिक लेंगे। इससे एक ओर जहां ग्रामीणों को सहूलियत मिलेगी, तो दूसरी तरफ सूर्य मित्रों को भी आर्थिक रूप से लाभ होगा। जिन सूर्यमित्रों की कार्यशैली बेहतर रहेगी, उनको सोलर प्लेट लगाने वाली कंपनियां जाब भी दे सकती हैं।
सूर्य मित्र के चयन के लिए आवेदक का विज्ञान वर्ग से हाईस्कूल उत्तीर्ण व आईटीआई डिग्री धारक होना जरूरी है। सूर्य मित्र बनने को लेकर नेडा विभाग में अब तक 36 आवेदन आ चुके हैं। आवेदन-पत्रों की जांच करने के साथ ही आवदेकों का सूर्य मित्र पद पर चयन किया जाएगा।