भांवरकोल के महेशपुर द्वितीय ग्राम सभा में कोटेदार के खिलाफ लगातार ग्रामीणों द्वारा खाद्यान्न वितरण में अनियमितता किए जाने की मिल रही शिकायतों के बाद मुहम्मदाबाद एसडीएम के आदेश पर शुक्रवार को सप्लाई इंस्पेक्टर संतोष कुमार जांच करने पहुंचे।
यहां सैकड़ों की संख्या में मौजूद ग्रामीणों ने कोटेदार रामजी यादव के द्वारा खाद्यान्न वितरण में अनियमितता बरतें जाने की बात कही। जिस पर सप्लाई इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने कहा कि मैं उन्हीं लोगों का बयान लेने आया हूं जिन लोगों ने शिकायत की है और सिर्फ उनकी बातों को सुनकर बयान दर्ज किए और चलते बने। हालांकि सप्लाई इंस्पेक्टर ने बयान लेने के लिए किसी सार्वजनिक स्थान यानी मंदिर या स्कूल का चयन करने के बजाए सड़क पर ही बयान लेना शुरू कर दिया। इसके बाद वह स्टाक रजिस्टर चेक करने के बहाने कोटेदार रामजी यादव के घर पहुंच गए। ग्रामीणों का आरोप है कि करीब दो घंटे तक इस दौरान वह घर में ही रहे। इसको लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान ग्रामीणों में कोटेदार के विरुद्ध रोष व्याप्त था। ग्रामीणों का आरोप है कि कोटेदार द्वारा अभद्र भाषा का प्रयोग किया जाता है और अनाज की कटौती भी की जाती है।