मुहम्मदाबाद। नगर के जमालपुर मोहल्ले में बुधवार सुबह 17 वर्षीय किशोरी का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। कमरे की छानबीन के दौरान पुलिस और फोरेंसिक टीम को सुसाइड नोट मिला। इसमें किशोरी ने नगर निवासी एक युवक और उसके भाई पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पिता की तहरीर पर पुलिस ने दोनों भाइयों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह ने बताया कि पिता के अनुसार, 28 सितंबर को नई बस्ती मंगल बाजार निवासी अनस कुरैशी अपने बड़े भाई एहसान अहमद कुरैशी के साथ घर पहुंचा था।
दोनों ने किशोरी पर बदनाम करने का आरोप लगाते हुए परिवार को धमकी दी थी। अगले दिन किशोरी की मां और बड़ी बहन ने स्कूल पहुंचकर प्रधानाचार्य से दोनों भाइयों की शिकायत की थी। मंगलवार रात खाना खाने के बाद परिवार सोने चला गया। बुधवार सुबह किशोरी का कमरा अंदर से बंद मिला। दरवाजा खोलने पर उसका शव फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल की जांच की और सुसाइड नोट बरामद किया। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।