गाजीपुर। रोडवेज डिपो लगातार तकनीक को अपना रहा है। इसी क्रम में रोडवेज डिपो प्रशासन अब चालकों व परिचालकों की ड्यूटी सुगम एप से लगाई जाएगी। सुगम एप से ड्यूटी लगने से व्यवस्था में पारदर्शिता आने की उम्मीद जताई जा रही है। रोडवेज डिपो के बेड़े में कुल 92 बसें हैं। वाराणसी, प्रयागराज, लखनऊ, आजमगढ़, गोरखपुर, अकबरपुर समेत जनपद के विभिन्न लोकल रूटों पर इन बसों का संचालन किया जाता है। अब तक रोडवेज प्रशासन की ओर से यात्रियों को ऑनलाइन टिकट बुकिंग की सुविधा दी जा रही है।
रोडवेज डिपो प्रशासन लगातार ऑनलाइन व्यवस्था की ओर बढ़ रहा है। इसी कवायद के तहत अब चालकों व परिचालकों की ड्यूटी ऑनलाइन लगाने का निर्णय लिया गया है। नई व्यवस्था लागू होने से ड्यूटी लगाने को लेकर विवाद की स्थिति नहीं बनेगी। साथ ही चालकों व परिचालकों के कार्यों की मॉनिटरिंग करना भी आसान हो जाएगा। ऑनलाइन व्यवस्था लागू होने से ड्यूटी में मनमानी पर भी रोक लगेगी। वहीं, नई व्यवस्था के लागू होने से ड्यूटी लगाने में सहूलियत मिलेगी। रोडवेज डिपो के स्टेशन प्रभारी अभिषेक सिंह ने बताया कि अब सुगम एप के माध्यम से चालकों व परिचालकों की ड्यूटी लगाई जाएगी।