करंडा ब्लॉक में मंगलवार को मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता एवं स्कूल मेंटल हेल्थ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला मानसिक स्वास्थ्य टीम और जिला तंबाकू नियंत्रण टीम के सहयोग से गोसंदेपुर स्थित एक इंटर कॉलेज में जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इसमें विद्यालय के शिक्षकों और छात्र-छात्राओं को मानसिक स्वास्थ्य एवं मानसिक विकारों के संबंध में जानकारी दी गई। छात्र-छात्राओं को उदासी, घबराहट, चिंता, पढ़ाई में मन न लगना और आत्महत्या के विचार जैसे मानसिक स्वास्थ्य संबंधी लक्षणों के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही तनाव प्रबंधन, कॉपिंग स्किल और लाइफ स्किल के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में नशीली दवाओं के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक नुकसान के बारे में भी विस्तार से बताया गया। बच्चों को नशे की लत से छुटकारा दिलाने के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में काउंसलिंग की सुविधा उपलब्ध होने की जानकारी दी गई। निकोटिन नियंत्रण कार्यक्रम और कोटपा एक्ट-2003 के प्रावधानों के बारे में भी बताया गया। एसीएमओ डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से छात्र-छात्राओं को मानसिक स्वास्थ्य और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।