गाजीपुर। पूर्वांचल विश्वविद्यालय की ओर से समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण की तिथि बढ़ाए जाने के बाद राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बीए-बीएससी प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश की अंतिम तिथि 25 अगस्त तक बढ़ा दी गई है। प्राचार्य डॉ. शंभूशरण प्रसाद ने बताया कि इच्छुक और अर्ह छात्राएं महाविद्यालय की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन करने के साथ पूर्वांचल विश्वविद्यालय के समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण कराएं। इसके बाद बीए-बीएससी प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए महाविद्यालय के प्रवेश प्रभारी से संपर्क कर प्रवेश सुनिश्चित कर सकती हैं।
उन्होंने बताया कि ऑनलाइन आवेदन करने के बावजूद प्रवेश नहीं लेने वाली छात्राओं, अपार आईडी या समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण से वंचित छात्राओं तथा बैक परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाली छात्राओं के लिए यह प्रवेश का अंतिम अवसर है।
इसी तरह परास्नातक एमए के अंग्रेजी, अर्थशास्त्र, शिक्षाशास्त्र, प्राचीन इतिहास, हिंदी, गृहविज्ञान और राजनीति विज्ञान विषयों में काउंसलिंग के बाद रिक्त सीटों पर प्रवेश की अंतिम तिथि भी 25 अगस्त तक बढ़ा दी गई है।
स्नातक उत्तीर्ण छात्राएं महाविद्यालय के प्रवेश पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन और पूर्वांचल विश्वविद्यालय के समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण कर संबंधित विषय के प्रभारी से संपर्क कर काउंसलिंग कराएं और फीस जमा करें। प्राचार्य ने बताया कि बीए, बीएससी और एमए-एमएससी में काउंसलिंग करा चुकी सभी छात्राएं भी अपनी फीस ऑनलाइन एक सप्ताह के भीतर जमा कर दें। संवाद