गाजीपुर। जिला पूर्ति अधिकारी अनन्त प्रताप सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर पेट्रोल और डीजल के दामों में वृद्धि की अफवाह के कारण पेट्रोल पंपों पर अनावश्यक भीड़ हो रही है। यही नहीं, गैलन एवं ड्रम में पेट्रोल-डीजल भरवाया जा रहा है। गैस एजेंसियों से सिलिंडर लेकर उनका संग्रह भी किया जा रहा है।
ऐसे मामले भी प्रकाश में आए हैं कि छोटे बाजारों में अनाधिकृत रूप से कुछ निजी व्यक्तियों द्वारा अधिक मूल्य पर बेचने के उद्देश्य से पेट्रोल और डीजल का भंडारण किया जा रहा है और खुले बाजार में अधिक कीमत पर बेचने का प्रयास किया जा रहा है।
जिला पूर्ति अधिकारी अनन्त प्रताप सिंह ने बताया कि पेट्रोल पंप और गैस एजेंसी संचालकों को निर्देशित किया गया है कि पेट्रोल, डीजल एवं घरेलू गैस की आपूर्ति सुनिश्चित करें। कोई भी गैस एजेंसी या पेट्रोल पंप पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति को अकारण न रोके और न ही कहीं अवैध भंडारण होने दें। उन्होंने बताया कि यदि कहीं यह तथ्य सामने आता है कि किसी व्यक्ति या फर्म द्वारा डीजल, पेट्रोल एवं घरेलू गैस सिलिंडर का अवैध भंडारण किया गया है या अवैध रूप से बिक्री की जा रही है, तो संबंधित के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।