गाजीपुर। सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन की कार्यकारिणी की बैठक बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित पेंशनर्स भवन में हुई। इसमें सात सूत्री मांगों के समर्थन में प्रदेशव्यापी आंदोलन की रणनीति बनाई गई। सरजू पांडेय पार्क में 15 जुलाई को धरना प्रदर्शन और मांगों का ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री को भेजने का निर्णय लिया गया।
जिलाध्यक्ष मुक्तेश्वर श्रीवास्तव ने बताया कि केंद्र सरकार ने आठवें वेतन आयोग की घोषणा तो कर दी है लेकिन आज तक आयोग के अध्यक्ष एवं सदस्यों को नामित नहीं किया गया। यह सरकार की नीति और नियति पर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। कार्यकारी अध्यक्ष अंबिका दुबे ने सेवानिवृत्त और सेवारत कर्मचारी शिक्षक एवं अधिकारी संगठनों से 15 जुलाई के आंदोलन को सफल बनाने की अपील की। जिलामंत्री जनार्दन सिंह ने सदस्यता अभियान युद्ध स्तर पर शुरू करने की अपील की। कोषाध्यक्ष अशोक कुमार ने बैठक में आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया। संप्रेक्षक बाल कृष्ण यादव ने आंदोलन में शत-प्रतिशत उपस्थित होने की अपील की। इस मौके पर बरमेश्वर उपाध्याय, अमरनाथ तिवारी अमर, डीएन राय, डाॅ. सुग्रीव सिंह, उग्रसेन सिंह आदि मौजूद रहे। संचालन जनार्दन सिंह एवं अंबिका दुबे ने संयुक्त रूप से किया।