जमानियां कोतवाली क्षेत्र के खिजिरपुर गांव के पास मिट्टी खनन होने की शिकायत पर एसडीएम एवं तहसीलदार पुलिस के साथ मौके पर जांच करने जा रहे थे। वहां जाने से रोकने के लिए अधिकारियों के रास्ते के आगे ट्रैक्टर की मिट्टी गिरा दी गई। घटना बृहस्पतिवार की है।
इन दिनों क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से अवैध मिट्टी का खनन का खेल जोरों पर चल रहा है। जिसकी शिकायत भी लगातार क्षेत्र के लोगों द्वारा अधिकारियों को दी जाती है। ऐसे ही एक शिकायत पर एसडीएम भारत भार्गव तहसीलदार लालजी विश्वकर्मा राजस्व एवं पुलिस टीम के साथ शिकायत स्थल की ओर जा रहे थे। तभी रास्ते में मिट्टी लदा ट्रैक्टर दिखाई दिया, जिसे रोकने का इशारा किया गया। ऐसे में चालक ट्रैक्टर ट्राली को ऊपर कर मिट्टी सड़क पर ही गिरा कर मौके से भागने लगा। जिससे एसडीएम सहित अन्य अधिकारियों की गाड़ी रुक गई। कोतवाली पुलिस के जवानों ने तुरंत दौड़ाकर चालक सहित ट्रैक्टर ट्राली को पकड़ लिया।
इस संबंध में एसडीएम भारत भार्गव ने बताया कि खिजिरपुर गांव के पास अवैध मिट्टी खनन की शिकायत पर जांच करने जा रहे थे। तभी रास्ते में मिट्टी लदा ट्रैक्टर मिल गया। जिसका पीछा किया गया और उसे रोकने को कहा गया तो उसने गाड़ी के आगे मिट्टी गिरा दी और भागने लगा। जिसे पकड़ कर पुलिस के हवाले किया गया है। उसका ट्रैक्टर और ट्राली दोनों सीज की गई है अन्य कार्रवाई की जा रही है।