गाजीपुर। प्रधानमंत्री आयुष्मान योजना के पात्रों का शत-प्रतिशत गोल्डेन कार्ड बनाने के लिए जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार को पहले दिन इस अभियान के तहत 1333 पात्रों का गोल्डेन कार्ड बना। 18 मई तक चलने वाले इस कार्य के तहत दो लाख पात्रों का कार्ड बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। योजना के पांच लाख 37 हजार 550 लाभार्थी हैं, इसमें से दो लाख 36 हजार 28 का गोल्डेन कार्ड बना है। शेष का कार्ड बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
जिले में प्रधानमंत्री आयुष्मान योजना का शुभारंभ 18 सितंबर 2018 को हुआ था। इसके तहत एक लाख 7510 परिवार पात्र बनाए गए थे। इन परिवारों के पांच लाख 37 हजार 550 लाभार्थी बनाए गए थे। करीब चार वर्ष में मात्र दो लाख 36 हजार 28 का ही गोल्डेन कार्ड बन सका है। ऐसे में शेष लाभार्थियों का गोल्डेन कार्ड न बनने से वे योजना का लाभ नहीं उठा पा रहे थे। ऐसे में शासन के निर्देश पर जिला प्रशासन की ओर से जिले में 18 मई तक विशेष अभियान चलाने का स्वास्थ्य को दिया था। स्वास्थ्य विभाग की ओर से गोल्डेन कार्ड बनाने के लिए 75 टीमों का गठन किया गया। साथ ही उनके द्वारा माइक्रो प्लान के मुताबिक विभिन्न गांवों में कैंप लगाकर पात्रों का गोल्डेन कार्ड बनाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। बीते चार मई को देर शाम तक टीम ने 1333 का कार्ड बनाया गया। इस संबंध में आयुष्मान योजना के जिला इनफार्मेशन सिस्टम मैनेजर अमित उपाध्याय ने बताया पहले दिन 1333 पात्रों का गोल्डेन कार्ड बना है। लक्ष्य को पूर्ण करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी गई है, जल्द ही लक्ष्य पूरा कर लिया जाएगा।