केंद्र सरकार की नई सेना भर्ती नीति अग्निपथ का विरोध कर रहे युवाओं ने स्थानीय स्टेशन और मालगाड़ी पर शनिवार को करीब 10:30 बजे जमकर कर पत्थरबाजी की। इसमें आरपीएफ का एक जवान घायल हो गया। जमानिया कोतवाली पुलिस टीम, जीआरपी और आरपीएफ के मोर्चा संभालने पर युवक वहां से फरार हो गए। उपद्रव के प्रयास को देखते हुए स्टेशनों की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। सीओ जमानिया हितेंद्र कृष्ण ने बताया कि पथराव के मामले में 15 से 17 लोगों को हिरासत में लिया गया है। पूछताछ की जा रही है।
विभिन्न प्रांतों और जनपदों में अग्निपथ योजना को लेकर कई दिनों से युवाओं का प्रदर्शन जारी है। इसको लेकर दिल्ली हावड़ा रूट की ट्रेनों के संचालन में प्रभाव पड़ा है। वाराणसी-छपरा, वाराणसी-मऊ- भटनी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय- दानापुर रेलखंड पर संचालित ट्रेनों की रफ्तार थम गई है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय-दानापुर रेलखंड के गहमर, भदौरा, दिलदारनगर और जमानिया रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा के दृष्टिकोण से पुलिसकर्मी तैनात है। वहीं गहमर, भदौरा और दिलदारनगर स्टेशन पर ट्रेनों के निरस्त से सन्नाटा पसरा हुआ। इधर सुबह विरोध प्रदर्शन की आंच जमानिया पहुंच गई। युवाओं ने अग्निपथ योजना का विरोध करते हुए जमानिया स्टेशन पर धावा बोल दिया। सैकड़ों युवाओं ने एकाएक रेलवे स्टेशन पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। उसी समय करीब 10:50 पर अप लाइन से गुजर रही मालगाड़ी पर भी युवाओं ने पत्थरबाजी की तथा स्टेशन क्रासिंग गेटमैन रूम को भी युवाओं ने निशाना बनाया। पत्थरबाजी में रेलवे स्टेशन पर लगा कोच इंडिकेटर और बिजली के बल्ब क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस बल के साथ एसडीएम भारत भार्गव, कोतवाली प्रभारी वंदना सिंह व रेलवे पुलिस बल मौके पर पहुंच गये और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस बल को देखते ही पत्थर फेंक रहे युवाओं भाग निकले। एसडीएम के नेतृत्व में पुलिस काफी देर तक युवाओं को खदेड़ती रही,लेकिन एक भी युवा हाथ नहीं आया। काफी देर के बाद पुलिस ने कुछ युवाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। इस दौरान आरपीएफ कांस्टेबल अब्दुल हसन को पैर में हल्की चोटें आई। एहतिहात के तौर पर मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रही और लगातार चक्रमण करती रही।