खानपुर। थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव स्थित मंदिर से चोरी हुए चांदी की मुकुट की घटना का पुलिस ने 36 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने दो आरोपी गोपालपुर निवासी गौरव यादव और प्रभास उर्फ निर्णय यादव को गिरफ्तार कर उनके पास से करीब एक लाख रुपये कीमत का चोरी चांदी का मुकुट बरामद कर लिया है। थानाध्यक्ष राजीव कुमार पांडेय ने बताया कि गोपालपुर गांव स्थित मंदिर से 25 जून की रात अज्ञात चोरों ने चांदी की मुकुट पर हाथ साफ कर दिया था।
पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर जांच में जुटी हुई थी। मुखबिर से सूचना मिली कि मंदिर में हुई चोरी की घटना में शामिल चोर चांदी का मुकुट बेचने के इरादे से बिहारीगंज-डगरा मार्ग के रास्ते गाजीपुर जाने वाले हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और घेराबंदी कर शुक्रवार रात बिहारीगंज-डगरा मार्ग से दोनों चोरों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी की गई चांदी का मुकुट बरामद किया गया। थानाध्यक्ष राजीव कुमार पांडेय ने बताया कि दो चोरों को मंदिर से चोरी गए चांदी के मुकुट के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। इसकी कीमत करीब एक लाख रुपये है। पूछताछ के बाद विधिक कार्रवाई की जा रही है। संवाद