गाजीपुर। रेवतीपुर गांव स्थित ग्रीनपार्क स्टेडियम में मंगलवार को प्रदेशस्तरीय विद्यालयी बालकों की अंडर-17 सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता का खिताबी मुकाबला खेला गया। स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ की टीम ने ट्राईब्रेकर में बरेली मंडल को हराकर खिताब पर कब्जा जमाया। वहीं, वाराणसी मंडल को हराकर गोरखपुर की टीम प्रतियोगिता में तीसरे स्थान पर रही।
प्रतियोगिता का पहला सेमीफाइनल मुकाबला स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ और गोरखपुर मंडल बीच खेला गया। स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ ने गोरखपुर को 2-0 से हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई। दूसरा सेमीफाइनल बरेली मंडल व बनारस मंडल के बीच खेला गया।
बरेली ने वाराणसी मंडल की टीम को 1-0 से हराकर मुकाबले के फाइनल में जगह बनाई। वहीं, तीसरे स्थान के लिए गोरखपुर और बनारस मंडल की टीमों के बीच मुकाबला खेला गया।
इसमें निर्धारित समय तक दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर रही। इसकी वजह से मुकाबला ट्राईब्रेकर में चला गया। इसमें गोरखपुर की टीम ने वाराणसी मंडल की टीम को 5-4 से हराकर तीसरे स्थान पर कब्जा जमाया।
मुकाबले का फाइनल मैच स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ और बरेली मंडल की बीच खेला गया।
मैच के 22वें मिनट में आफताब खान की गोल की मद्द से बरेली मंडल की टीम हॉफ टाइम तक 1-0 की स्कोर से अपनी बढ़त कायम रखी। हॉफ टाइम की शुरुआत से ही स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ की टीम ने आक्रामक खेल दिखाया।
मैच के 57वें मिनट में सत्यम साहनी की गोल की बदौलत स्पोर्ट्स कॉलेज की टीम 1-1 की स्कोर से बराबरी की। इसके बाद नियमित अंतराल पर दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने कुछ अच्छे मौके बनाए, पर गोल कर में सफल नहीं हो पाये।
निर्धारित समय तक दोनों टीमों का मुकाबला 1-1 की बराबरी पर रहा। इसके बाद खिताबी मुकाबला भी ट्राईब्रेकर तक पहुंचा। इसमें स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ ने बरेली मंडल की टीम को 7-6 से हराकर खिताब पर कब्जा जमाया। रेफरी की भूमिका में मुख्य रेफरी धीरज कुमार, विनोद यादव, संजय पटेल, अजय यादव रहे।
मुख्य अतिथि संयुक्त शिक्षा निदेशक दिनेश सिंह ने लखनऊ स्पोर्ट्स हॉस्टल की टीम को विजेता ट्रॉफी प्रदान की। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, रेवतीपुर ब्लॉक अध्यक्ष अजिताभ राहुल राय, नेहरू विद्यापीठ प्रधानाचार्य संतोष कुमार राय, ग्राम प्रधान राकेश राय, अखंड प्रताप, अरुण राय सहित हजारों की संख्या में खेल प्रेमी मौजूद थे।