बहरियाबाद। पृथ्वी राज चौहान शब्दभेदी सेना के अध्यक्ष नवीन चौहान जनहित की विभिन्न मांगों को लेकर चकफरीद गांव स्थित आवास पर बुधवार से धरना पर बैठे थे। बृहस्पतिवार को पुलिस की मौजूदगी में अचानक स्वयं के ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश की। मौजूद पुलिस ने बचाया और कार्रवाई कर शांतिभंग में चालान कर दिया।
सूचना पर जखनिया एसडीएम कमलेश सिंह, तहसीलदार जखनिया, नायब तहसीलदार विवेकानंद सिंह, सीओ भुड़कुड़ा बलराम व बहरियाबाद थाना सहित शादियाबाद, भुड़कुड़ा व सादात पुलिस पहुंची। नवीन चौहान अपनी दस सूत्रीय मांगो को लेकर अनशन पर थे। उनकी प्रमुख मांगों में पृथ्वी राज चौहान की प्रतिमा जखनिया तहसील पर लगाने, बहरियाबाद- पलिवार मार्ग की मरम्मत, बेसहारा पशुओं को आश्रय मिले व ग्राम पंचायत मे नाली, खडंजा आदि की मांग थी। उनका कहना था कि अगर मांगे नहीं मानी गई तो वह अगले दिन लखनऊ जाकर मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे। भेंट नहीं होने पर विधानसभा के सामने अनशन को बाध्य होंगे। इस संबंध में सीओ भुड़कुड़ा बलराम ने बताया कि शांतिभंग में चालान कर दिया।