कोतवाली क्षेत्र के नगर मोहल्ला हरपुर स्थित नहर पटरी पर दो दिन पूर्व एक किशोर की धारदार हथियार से गला काट कर की गई हत्या के मामले में शनिवार को भी पुलिस के हाथ खाली रहे। हत्यारों को चिन्हित करना तो दूर पुलिस हत्या के कारणों की तलाश नहीं कर सकी है। इधर कोतवाली पहुंचे एसपी ने पीड़ित परिवार के लोगों से बातकर जल्द ही हत्याकांड का खुलासा करने का आश्वासन दिया।
हरपुर निवासी संजीत यादव (17) पुत्र दरोगा यादव अपने घर से कुछ दूर पश्चिम तरफ स्थित डेरा से बीते 27 जनवरी की शाम वापस घर आ रहा था। इसी दौरान अज्ञात हत्यारों ने धारदार हथियार से किशोर का गला काट कर हत्या कर दी थी और मौके से फरार हो गए थे। इसकी पुलिस जांच कर रही है और करीब छह से अधिक लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ में जुटी है। पुलिस अधीक्षक राम बदन सिंह कोतवाली पहुंचे और कोतवाली में मौजूद पीड़ित परिजन से वार्ता की। परिजनों का आरोप है कि पुलिस परिवार के लोगों को ही कोतवाली में बैठा कर परेशान कर रही है। इस दौरान उन्होंने परिजनों से वार्ता कर आश्वासन दिया और कहा कि जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी। जिस पर परिजन वापस लौटे। इस दौरान सीओ हितेंद्र कृष्ण और कोतवाल संपूर्णानंद राय मौजूद रहे।