गाजीपुर। कोरोना के बढ़ते प्रकोप के कारण सभी स्तर की शिक्षण संस्थाए बंद हैं। ऐसी विषम परिस्थितियों में सरकार की मंशा के अनुरूप ऑनलाइन शिक्षण की व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा आरोग्य सेतु, आयुष कवच, दीक्षा ऐप को हर शिक्षक एवं छात्र एवं छात्राओं को अपलोड करना अनिवार्य किया गया है।
दूरदर्शन पर स्वयंप्रभा चैनल से आनलाइन शिक्षण के प्रसारण का कार्यक्रम तैयार हो चुका है। इन सभी के अनुश्रवण, परीक्षण और अन्य कार्यक्रम की प्रतिदिन की वांछित सूचनाओं को संकलित कर जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में उपलब्ध कराने के लिए कुल 28 प्रधानाचार्यो को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। प्रधानाचार्य अपने-अपने ब्लाक के संबंधित विद्यालयों की सूचनाएं उपलब्ध कराएंगे। इस संबंध में आवश्यक जानकारी देने के लिए शनिवार को दिन में एक बजे डीआईओएस कार्यालय में बैठक आयोजित की गई है।
जिला विद्यालय निरीक्षक डा. ओपी राय ने शुक्रवार को नामित प्रधानाचार्यो की सूची जारी कर दी। यह सूची संबंधित प्रधानाचार्यो को उपलब्ध करा दी गई है। सूची के साथ उपलब्ध कराए गए प्रारूप पर पिछले दस वर्षों में इंटर पास करने के बाद प्रशासनिक, न्यायिक, चिकित्सा, अभियंत्रण, सैन्य अधिकारी या अन्य विशेष पदों पर आसीन व्यक्ति की सूचना भी मांगी गई है। बैठक में यह सूचना उपलब्ध कराना अनिवार्य किया गया है। नोडल अधिकारियों की जारी की गई सूची में प्रधानाचार्यो के ब्लाक आवंटित किए गए हैं। उनमें शिवानंद यादव को रेवतीपुर, सुधीर कुमार विश्वास को करंडा, रीता कुमारी, उदयराज, सुमंत यादव को देवकली, शीला देवी, अनिल कुमार विश्वकर्मा, गोपीनाथ मौर्या को सैदपुर, मंजू प्रकाश, सीपी सिंह, विरेंद्र कुमार सिंह को सादात, प्रभावती देवी, रामाश्रय प्रसाद, ऊषा कुशवाहा को जखनिया, रामअवतार यादव, राजेश विश्वकर्मा, कमला देवी को मनिहारी का नोडल अधिकारी नामित किया गया है। इसके अलावा मंजू सिंह, अवधेश कुमार सिंह को मरदह, जयप्रकाश गुप्ता को बिरनो, छविनाथ मिश्र को कासिमाबाद, सत्यदेव पांडेय को बाराचवर, शिवशंकर गिरि को मुहम्मदाबाद, मालविका सिंह को भांवरकोल और हरेंद्र कुमार को नगर क्षेत्र के नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है। मारकंडेय यादव को भदौरा, अरविंद कुमार सिंह को जमानिया और शिवजी सिंह को सदर ब्लाक का नोडल अधिकारी बनाया गया है।
....