रेवतीपुर थाना के नारायणपुर गांव के पास गंगा में नहाते समय एक युवक के डूबने के बाद लगी ग्रामीणों क?
- फोटो : GHAZIPUR
रेवतीपुर। थाना क्षेत्र के नारायणपुर गंगा घाट पर मंगलवार की सुबह अपने दोस्तों के साथ गंगा स्नान करने गया पूर्व प्रधान (रेवतीपुर) का पुत्र अचानक नदी की तेज धारा में समा गया। जबकि उसके दो साथियों को डूबते समय किसी तरह बचा लिया गया। उधर खबर मिलने के बाद पुलिस ने तटवर्ती मल्लाहों और गोताखोरों की सहायता से उनकी तलाश शुरू की। करीब नौ घंटे बाद डूबे युवक का शव बरामद कर लिया गया। शव देखते ही परिजन चीत्कार उठे। गंगा घाट पर काफी देर तक रूदन-क्रंदन जारी रहा।
रेवतीपुर गांव निवासी पूर्व प्रधान विजय शंकर पाल का बेटा अखिलेश पाल (20) अपने मित्र दीपक, रोहित और अंकुर के साथ मंगलवार की सुबह गंगा स्नान करने गया था। सभी गांव के गंगबरार स्थित नारायनपुर घाट पर नहाने के लिए नदी में कूदे। नदी में तेज धार होने की वजह से अलिखेश खुद को नहीं संभाल पाया और गहरे पानी में चला गया। उसके साथ गए दोस्तों ने उसे बचाने का पूरा प्रयास किया, लेकिन असफल रहे। इस बीच तीनों मित्र भी गंगा नदी में डूबने लगे। उनमें से एकमात्र अंकुर तैरना जानता था। उसने दो दोस्तों को किसी तरह बचा लिया, लेकिन अखिलेश उर्फ गोलू को नहीं बचा सका। घटना की सूचना तत्काल परिवार वालों को दी गई। रोते-बिलखते परिजन नदी तट पर पहुंचे। इसी बीच किसी ने इसकी सूचना पुलिस को भी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से डूबे युवक की खोजबीन शुरू कर दी है। नदी में डूबा अखिलेश काशी हिन्दू विश्वविद्यालय में बीए तृतीय वर्ष में अध्ययनरत था। वह अपने तीन भाई बहनों में दूसरे नंबर का था। युवक लाकडाउन की वजह से विश्व विद्यालय बंद होने के कारण अपने गांव आया हुआ था। सूचना पाकर क्षेत्राधिकारी जमानिया सुरेश शर्मा भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस प्रशासन एवं ग्रामीणों के सहयोग से जाल डालकर डूबे युवक की तलाश की गई और नौ घंटे बाद शव को बरामद कर लिया गया।