कोरोना गाइडलाइन को धता बताते हुए कासिमाबाद ब्लॉक पर नोड्यूज लेने के लिए लगी लोगों की कतार।
- फोटो : GHAZIPUR
कासिमाबाद। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव प्रक्रिया में कोरोना गाइड लाइन का पालन नहीं हो रहा है। विकासखंड कार्यालय पर नो ड्यूज प्रमाणपत्र लेने के दौरान कतारों में सोशल डिस्टेंसिंग तार-तार हो रही है।
सोमवार को कासिमाबाद विकासखंड में चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों की नोड्यूज प्रमाण पत्र लेने के लिए लगी लंबी कतार लगी रही। लोग निर्धारित दूरी का पालन करते नहीं दिखे। कतार में खड़े लोगों के चेहरे पर मास्क नहीं दिख रहा है। सोशल डिस्टेंसिंग की तो पूरी तरह से धज्जियां उड़ रही हैं। जबकि जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा आए दिन बैठक कर लोगों को कोरोना गाइडलाइन का पालन करने की नसीहत दे रहे हैं। बावजूद इसके लोग पालन नहीं कर रहे। विकासखंड में सोमवार को प्रधान पद के लिए कुल 44 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई है। इसी प्रकार क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए 36 और ग्राम पंचायत सदस्य के लिए कुल 143 नामांकन पत्रों की बिक्री की गई है। ग्राम प्रधान पद के लिए अब तक कुल 878 नामांकन पत्रों की बिक्री हो चुकी है। इसी प्रकार क्षेत्र पंचायत सदस्यों के कुल 549 नामांकन पत्र बिक चुके हैं तथा ग्राम पंचायत सदस्य के लिए अब तक कुल 1721 नामांकन पत्रों की बिक्री की गई है।