यूपी के गाजीपुर में बच्चे बीते शुक्रवार को ईंट-भट्ठे पर खेलने गए थे। शाम तक नहीं लाैटे तो परिजन उन्हें ढूंढने निकले। निराशा होकर थाने गए और गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया। खबर लिखे जाने तक बच्चों के कोई सुराग नहीं मिले थे।
गाजीपुर के उमरगंज नई बस्ती गांव स्थित एक ईंट-भट्ठे से गत 22 अप्रैल को छह बच्चे अचानक लापता हो गए। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने बीते शुक्रवार को गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी।
विज्ञापन
रेवतीपुर थानाक्षेत्र के डेढ़गांवा निवासी ओम प्रकाश बनवासी परिवार के साथ उमरगंज नई बस्ती गांव स्थित ईंट भट्ठे पर पिछले एक वर्ष से काम कर रहे थे। गत 22 अप्रैल को शाम करीब 4:30 बजे काम के दौरान उनके बच्चे अतवारी (13), अर्जुन (12) और रोशन (9), जबकि अन्य मजदूरों के बच्चों में लक्षमीना (6), बेफी (6) और अमित (10) एक साथ खेलते हुए अचानक लापता हो गए।
विज्ञापन
काम समाप्त कर जब परिजन झोपड़ियों पर लौटे तो बच्चों का कहीं पता नहीं था। काफी खोजबीन के बाद भी बच्चे न मिले तो परिजनों ने आसपास के भट्ठों, रिश्तेदारों और गांवों में उनकी तलाश की लेकिन निराशा हाथ लगी। परेशान परिजन 25 अप्रैल को जमानिया कोतवाली पहुंचे और तहरीर देकर बच्चों की बरामदगी की गुहार लगाई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली और बच्चों की तलाश के लिए प्रयास तेज कर दिए। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।